वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश सरकार ने शनिवार शाम आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए। वाराणसी कमिश्नरेट में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार को हटा दिया गया है। उन्हें लखनऊ में साइबर क्राइम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह कानपुर में तैनात डीसीपी राजेश कुमार पांडेय को वाराणसी कमिश्नरेट भेजा गया है। वहीं हापुड़ में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात विनीत भटनागर को भी वाराणसी में डीसीपी बनाया गया है।
प्रमोद कुमार वाराणसी में इससे पहले काशी जोन और गोमती जोन के डीसीपी भी रह चुके हैं। वह बनारस में साइबर क्राइम के डीसीपी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। अब उन्हें एसपी साइबर मुख्यालय, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। वरुणा जोन में उनकी कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे।

वहीं साइबर क्राइम और पुलिस लाइंस में एडीसीपी के पद पर तैनात श्रुति श्रीवास्तव का भी तबादला किया गया है। उन्हें एडीसीपी प्रयागराज बनाया गया है। इसके अलावा फिरोजाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात राजेश गुनावत को वाराणसी कमिश्नरेट भेजा गया है। उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
शनिवार को प्रदेश में कुल 35 आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए। वाराणसी कमिश्नरेट में हुए इस फेरबदल के बाद आने वाले दिनों में अन्य अधिकारियों के भी तबादले की संभावना जताई जा रही है। इनमें लंबे समय से कमिश्नरेट में तैनात अधिकारी शामिल हो सकते हैं।
