वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का समापन 7 अक्टूबर को काशी में होगा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वह गुजरात के वडनगर से बाइक के जरिए काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का स्वागत करेंगे और समापन समारोह में शामिल होंगे।
सेवा यात्रियों के साथ अमित शाह के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करने की भी तैयारी है। मंदिर में बाबा विश्वनाथ का महारुद्राभिषेक किए जाने की योजना है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रह सकते हैं।
गुजरात से जल लेकर आएंगे सेवा यात्री
वडनगर से काशी आने वाले सेवा यात्री गुजरात की प्रमुख नदियों का जल भी अपने साथ लेकर आएंगे। इसी जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किए जाने की तैयारी है। गुजरात से आने वाला दल 6 अक्टूबर को काशी पहुंचने की संभावना है, जहां उसका स्वागत किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी और प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा समेत अन्य नेताओं के भी सेवा यात्रियों के स्वागत में शामिल होने की संभावना है। एनडीए के अन्य वरिष्ठ नेताओं को कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर भी मंथन चल रहा है।
शहर में जगह-जगह होगा स्वागत
सेवा यात्रियों के वाराणसी जिले की सीमा में प्रवेश करते ही विभिन्न स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की जाएगी। भाजपा संगठन के साथ जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वागत स्थलों को जल्द अंतिम रूप दिए जाने की बात कही जा रही है।
निर्धारित स्थानों पर यात्रियों के स्वागत की जिम्मेदारी मंत्रियों और विधायकों को दी जाएगी। इसके बाद यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था तय स्थानों पर की जाएगी। अगले दिन उन्हें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ले जाया जाएगा।
फॉरेंसिक विश्वविद्यालय का उद्घाटन भी संभावित
अमित शाह के दौरे के दौरान जाल्हूपुर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के उद्घाटन का कार्यक्रम भी संभावित बताया जा रहा है। इसे लेकर तैयारियां पहले से चल रही हैं। विश्वविद्यालय शुरू होने के बाद फॉरेंसिक जांच से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार और जांच प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
17 सितंबर को शुरू हुई थी बाइक यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को काशी और गुजरात के वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राओं की शुरुआत हुई थी। काशी से रवाना हुए दल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाई थी। इस यात्रा में करीब 250 बाइक पर 500 युवा वडनगर के लिए रवाना हुए थे।
वहीं, वडनगर से काशी की ओर आने वाली यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में रवाना किया गया था। दोनों दिशाओं में निकली यात्राओं का करीब 20 दिन बाद काशी में समापन प्रस्तावित है।
10 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा
काशी से वडनगर जाने वाली बाइक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से होकर गुजरने की योजना के तहत आगे बढ़ रही है। यात्रा में एक हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी प्रस्तावित है।
यात्रा के दौरान युवाओं की ओर से स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, जल संरक्षण सहित करीब 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां किए जाने की योजना है। इसका उद्देश्य सेवा गतिविधियों के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश देना भी बताया गया है।
