प्रेमिका से विवाद के बाद किशोर ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

प्रेमिका से विवाद के बाद किशोर ने खुद को लगाई आग, हालत गंभीर

वाराणसी (रणभेरी): चोलापुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के एक किशोर द्वारा कथित रूप से प्रेम संबंधों में हुए विवाद के बाद खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजापुर गांव निवासी 17 वर्षीय अमन राजभर शुक्रवार को जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस गांव गया था। बताया जाता है कि वहां उसके परिचितों के घर पर उसकी मुलाकात उस युवती से हुई, जिससे उसका प्रेम संबंध बताया जा रहा है। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद किशोर ने आवेश में आकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग उसे रोक पाते, उसने आग लगा ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों से घिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसे किशोर को परिजनों की मदद से पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार जारी है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया और आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी। शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

परिजनों का कहना है कि अमन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना के बाद दोनों गांवों में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। मामले में पुलिस द्वारा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल किशोर का इलाज प्राथमिकता पर जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *