काशी विद्यापीठ के कुलपति पैदल पहुंचे दफ्तर: बोले- ईंधन बचाना समय की जरूरत, छात्रों से भी की अपील

काशी विद्यापीठ के कुलपति पैदल पहुंचे दफ्तर: बोले- ईंधन बचाना समय की जरूरत, छात्रों से भी की अपील

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रोफेसर आनंद कुमार त्यागी ने गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश देने के लिए अनोखी पहल की। वह अपने आवास से पैदल चलकर विश्वविद्यालय कार्यालय पहुंचे। उनकी इस पहल से विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता का संदेश भी गया।

कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ अभियान से प्रेरित होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत आज समय की बड़ी जरूरत है। पेट्रोल और डीजल की खपत कम होने से जहां विदेशी मुद्रा की बचत होगी, वहीं प्रदूषण पर भी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि समाज के जिम्मेदार लोगों को खुद उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, तभी लोग तेजी से जागरूक होंगे और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। कुलपति ने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन पैदल, साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास विकसित भारत और हरित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस दौरान कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र, अतिरिक्त कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय, चीफ वार्डन डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह समेत कई अधिकारी भी अपने-अपने आवास से पैदल कार्यालय पहुंचे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *