कक्षा सात में पढ़ती थी स्नेहा मिश्रा, बिहार के सिवान की रहने वाली थी छात्रा; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
वाराणसी (रणभेरी): लंका थाना क्षेत्र स्थित ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत छात्रा की पहचान स्नेहा मिश्रा के रूप में हुई है। वह बिहार के सिवान जिले के गोपालपुर रतनपुर थाना क्षेत्र के बैजरहा गांव की रहने वाली थी। स्नेहा ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती थी और कक्षा सात की छात्रा थी।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि शिवप्रसाद गुप्त कॉलोनी, लेन नंबर तीन स्थित ज्ञानदीप एकेडमी एंड हॉस्टल की छत से एक बच्ची गिर गई है। सूचना पर पहुंची लंका पुलिस छात्रा को ट्रामा सेंटर ले गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटना की जानकारी छात्रा के पिता तारकेश्वर मिश्रा को दे दी है।
बताया गया कि हॉस्टल में स्नेहा के साथ दो अन्य छात्राएं भी रहती थीं। पुलिस ने स्कूल प्रबंधक त्रिभुवन सिंह और हॉस्टल की वार्डन प्रीति मिश्रा से पूछताछ की है। घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। डीसीपी काशी गौरव बसंवाल ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि छात्रा के पांचवीं मंजिल से गिरने के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल घटना की जांच जारी है।
