विद्यालय और खेल जगत में खुशी की लहर, 4×400 मीटर रिले में दिखाएंगे दमखम
वाराणसी (रणभेरी): शहर के विकास इंटर कॉलेज के लिए यह गर्व का क्षण है, जहां से दो युवा एथलीट अंशु रजक और अभय कुमार दुबे का चयन भारतीय अंडर-20 एथलेटिक्स टीम में किया गया है। दोनों खिलाड़ी आगामी एशियन एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे, जो 28 से 31 मई तक हांगकांग में आयोजित होगी। ये खिलाड़ी 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय परिसर, शिक्षकों और स्थानीय खेल समुदाय में उत्साह का माहौल है। इसे विकास इंटर कॉलेज के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. सिंह ने बताया कि पहली बार ऐसा अवसर आया है जब संस्थान के दो खिलाड़ी एक साथ राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बने हैं। उन्होंने इसे न केवल कॉलेज बल्कि पूरे वाराणसी के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया।
वर्तमान में दोनों एथलीट बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के प्रशिक्षण केंद्र में विशेष तैयारी शिविर में अभ्यास कर रहे हैं, जहां राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षक उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार कर रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर इन खिलाड़ियों को वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में कोच डॉ. मंजूर आलम अंसारी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिलता रहा है।
इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह और जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्थानीय खेल जगत का मानना है कि यह उपलब्धि आने वाले समय में अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और वाराणसी के एथलेटिक्स क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगी।
