दिलीप कुमार की 5वीं पुण्यतिथि पर पितरकुंडा में श्रद्धांजलि, सायरा बानो को भारत रत्न सौंपने की मांग

दिलीप कुमार की 5वीं पुण्यतिथि पर पितरकुंडा में श्रद्धांजलि, सायरा बानो को भारत रत्न सौंपने की मांग

वाराणसी (रणभेरी): हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और “ट्रेजडी किंग” के नाम से मशहूर दिलीप कुमार की पांचवीं पुण्यतिथि मंगलवार, 7 जुलाई को वाराणसी में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। डर्बी शायर क्लब की ओर से पितरकुंडा स्थित प्राचीन कुंड परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्लब के अध्यक्ष शकील अहमद ‘जादूगर’ के नेतृत्व में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कुंड में मछलियों को चारा खिलाकर दिवंगत अभिनेता की स्मृति को नमन किया।

सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में शकील अहमद ने कहा कि 7 जुलाई 2021 को 98 वर्ष की आयु में दिलीप कुमार ने इस दुनिया को अलविदा कहा था। उनके निधन से भारतीय सिनेमा ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया, जिसकी अभिनय शैली आज भी कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

दिलीप कुमार की 5वीं पुण्यतिथि पर पितरकुंडा में श्रद्धांजलि, सायरा बानो को भारत रत्न सौंपने की मांग

उन्होंने बताया कि दिलीप कुमार का जन्म 11 दिसंबर 1922 को तत्कालीन अविभाजित भारत के पेशावर (वर्तमान पाकिस्तान) में हुआ था। उनका वास्तविक नाम मोहम्मद यूसुफ खान था। फिल्मी सफर के दौरान उन्होंने लगभग 57 वर्षों तक हिंदी सिनेमा में सक्रिय रहकर करीब 67 फिल्मों में अभिनय किया और अपनी दमदार अदाकारी से करोड़ों दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दिलीप कुमार ने अपने लंबे फिल्मी करियर में मुगल-ए-आजम, नया दौर, गंगा जमुना, क्रांति, मजदूर, धर्म कांटा सहित अनेक यादगार फिल्मों में अभिनय कर भारतीय सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी पहली फिल्म ज्वार भाटा वर्ष 1944 में रिलीज हुई थी, जबकि अंतिम फिल्म किला वर्ष 1998 में आई थी।

श्रद्धांजलि सभा में यह भी बताया गया कि दिलीप कुमार भारतीय फिल्म उद्योग के उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल रहे, जिन्हें सर्वाधिक फिल्मफेयर पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से अलंकृत किया।

दिलीप कुमार की 5वीं पुण्यतिथि पर पितरकुंडा में श्रद्धांजलि, सायरा बानो को भारत रत्न सौंपने की मांग

वक्ताओं ने उनके निजी जीवन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पत्नी सायरा बानो ने जीवन के अंतिम समय तक उनका साथ निभाया। उन्होंने कहा कि दिलीप कुमार का व्यक्तित्व और अभिनय आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा।

इस अवसर पर शकील अहमद ‘जादूगर’ ने वाराणसी के सांसद एवं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि भारतीय सिनेमा में दिलीप कुमार के ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया जाए तथा यह सम्मान उनकी पत्नी एवं वरिष्ठ अभिनेत्री सायरा बानो को प्रदान किया जाए।

कार्यक्रम में गुफरान अहमद, बल्ले शर्मा, मोहम्मद राजू, करीम अंसारी, इम्तियाज अहमद, इश्तियाक अंसारी, राहुल राजभर, उत्सव राजभर, जावेद हुसैन, गोपाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *