अस्सी घाट पर सुबह-सुबह हिंसा, साड़ी कारोबारी पर हमला, कार तोड़ी; एक आरोपी गिरफ्तार

अस्सी घाट पर सुबह-सुबह हिंसा, साड़ी कारोबारी पर हमला, कार तोड़ी; एक आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट इलाके में रविवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाइक सवार कुछ युवकों ने एक साड़ी व्यापारी पर हमला कर दिया। घटना सुबह करीब 5 बजे अस्सी पार्किंग के पास की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, लाहौरी टोला, दशाश्वमेघ निवासी व्यापारी यश कपूर अपनी फॉर्च्यूनर कार से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तीन-चार बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोककर पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर मारपीट पर उतर आए। विरोध करने पर हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से भी हमला किया और उनकी कार को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित किसी तरह मौके से बचकर भागने लगा, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसका पीछा किया और भेलूपुर चौराहे के पास दोबारा घेरकर फिर से मारपीट की। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम पहले भी कई विवादों और आपराधिक मामलों से जुड़ चुका है। बताया जा रहा है कि उसका एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह हथियार के साथ नजर आ रहा था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट क्षेत्र में सुबह-शाम असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *