24 घंटे में तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 46 हजार नकदी समेत लाखों का सामान बरामद

24 घंटे में तीन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, 46 हजार नकदी समेत लाखों का सामान बरामद

अमेरिकी डॉलर का लालच देकर महिलाओं को बनाते थे ठगी और लूट का शिकार, दो बाइक, सात मोबाइल और 12 सिम कार्ड बरामद

वाराणसी (रणभेरी) : लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में अमेरिकी डॉलर दिखाकर धोखाधड़ी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में पांडेयपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश सिंह की सक्रियता और तत्परता अहम रही। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर ऐढ़े अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों ने बीते 4 नवंबर को खजुरी रोड पर एक महिला को अमेरिकी डॉलर का लालच देकर अपने जाल में फंसाया और उससे 1.20 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 46,005 रुपये नकद, 60 अमेरिकी डॉलर, दो मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन और 12 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी दिल्ली और गाजियाबाद के निवासी हैं।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ठगी और लूट करने वाले गिरोह पर शिकंजा कसने में सफलता मिली है। महज 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की तत्परता और पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *