वाराणसी के SBI बैंक में अचानक चली गोली, महिला कर्मचारी घायल; रिवॉल्वर गिरने से हुआ हादसा

वाराणसी के SBI बैंक में अचानक चली गोली, महिला कर्मचारी घायल; रिवॉल्वर गिरने से हुआ हादसा

वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र के क्राइस्ट नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शुक्रवार दोपहर अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में बैंक में संविदा पर कार्यरत महिला कर्मचारी अनुराधा त्रिपाठी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2:40 से 2:45 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि बैंक में आए एक ग्राहक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर सुरक्षा गार्ड के पास जमा कराई थी। गार्ड ने हथियार को मुख्य द्वार के पास बने काउंटर की दराज में रख दिया था। इसी दौरान महिला कर्मचारी ने दराज खोली, जिससे रिवॉल्वर नीचे गिर गई और अचानक गोली चल गई।

गोली लगने से घायल हुईं महिला कर्मचारी

गोली अनुराधा त्रिपाठी के दाहिने पैर में लगी और इसके बाद दीवार से जा टकराई। घटना के बाद बैंक परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों और मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बैंक प्रबंधन ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल पहुंचाया। अनुराधा त्रिपाठी मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली बताई जा रही हैं। वह बैंक में सेवा सारथी के पद पर संविदा के आधार पर कार्यरत हैं।

बैंक के काम से पहुंचे थे रिवॉल्वर के लाइसेंसधारी

जानकारी के मुताबिक, लाइसेंसी रिवॉल्वर के धारक संजीव शुक्ला शुक्रवार दोपहर बैंक में पासबुक और योनो सेवा से जुड़ा काम कराने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वह मूल रूप से जौनपुर जिले के सुजानगंज के निवासी हैं और वर्तमान में वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में रहते हैं। वह एक निर्माण कंपनी में महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।

बैंक में प्रवेश करने के बाद जब उन्हें अपने पास लाइसेंसी हथियार होने का ध्यान आया, तो उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से रिवॉल्वर गेट पर तैनात गार्ड रामचंद्र यादव को सौंप दी। गार्ड ने हथियार को काउंटर की दराज में रख दिया था।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी। बैंक प्रबंधक मनोज कुमार की ओर से पुलिस को घटना के संबंध में शिकायत दी गई है। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी है, ताकि घटना के क्रम और परिस्थितियों की पुष्टि की जा सके।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार दराज में किस तरह रखा गया था और गिरने के दौरान गोली किन परिस्थितियों में चली। घायल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। मामले में जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *