शादी के 3 महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी के मायके के बाहर नहर किनारे मिला शव

शादी के 3 महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी के मायके के बाहर नहर किनारे मिला शव

वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक नवविवाहित युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कछवांरोड पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर बिहड़ा नहर के पास सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और वहां से खून बहा हुआ मिला। वहीं चेहरा भी बुरी तरह क्षत-विक्षत था, जिससे शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा शव

रविवार सुबह लगभग 6:30 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों की नजर नहर किनारे पड़े युवक के शव पर पड़ी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया, जिन्होंने साक्ष्य जुटाए।

शादी के 3 महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी के मायके के बाहर नहर किनारे मिला शव

बहन ने की पहचान

काफी देर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में गौरा गांव निवासी गीता मौके पर पहुंचीं और शव की पहचान अपने भाई जग्गू के रूप में की। उन्होंने बताया कि दाहिने हाथ पर बने पैदाइशी निशान के आधार पर उन्होंने भाई की पहचान की।

होटल में करता था काम,तीन महीने पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार मृतक जग्गू मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौरा गांव का निवासी था और एक होटल में नौकरी करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में एक बहन और दो भाई हैं, जबकि एक भाई की कोरोना महामारी के दौरान मौत हो गई थी।करीब तीन महीने पहले जग्गू ने बिहड़ा गांव की रहने वाली शिमला देवी से प्रेम विवाह किया था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी दृष्टिबाधित है और दोनों आंखों से देख नहीं सकती।

शादी के 3 महीने बाद युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी के मायके के बाहर नहर किनारे मिला शव

एक सप्ताह पहले हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार लगभग एक सप्ताह पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद जग्गू अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ आया था। शनिवार रात करीब 9 बजे वह अपने घर पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद फिर बाहर निकल गया। रातभर वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव पत्नी के गांव के बाहर नहर किनारे मिला।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शनिवार रात वह पत्नी के मायके पहुंचा था या नहीं और आखिरी बार उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

हत्या की आशंका, सिर से बाल उखड़े और चेहरा बिगाड़ने की कोशिश

मौके पर मिली परिस्थितियों ने घटना को और भी संदिग्ध बना दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान हैं। उसके सिर के बाल भी उखड़े हुए मिले, जबकि चेहरा किसी भारी वस्तु से बुरी तरह कुचला गया था। आशंका जताई जा रही है कि पहचान छिपाने की नीयत से चेहरा क्षत-विक्षत किया गया।

पुलिस जुटी हर पहलू की जांच में

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कराया है। फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और मृतक की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *