- काशी विश्वनाथ मंदिर में योगी-राजनाथ ने की पूजा-अर्चना, महिला सफाईकर्मियों को भेंट की बनारसी साड़ी
- 1300 किमी की दोतरफा बाइक यात्रा, वाराणसी से वडनगर के लिए रवाना होंगे सेवा यात्री
- चंद्रबाबू नायडू और चिराग पासवान भी रहे मौजूद, 7 अक्टूबर को पूरा होगा यात्रा का पहला चरण
वाराणसी (रणभेरी )। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को उनकी लोकसभा क्षेत्र काशी में भव्य आयोजनों का सिलसिला शुरू हुआ। जन्मदिन के साथ प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी की गई। वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर में स्वच्छता कार्य में जुटी महिला सफाईकर्मियों को बनारसी साड़ी और प्रसाद भेंट किया। इस दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी मौजूद रहे। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं के बीच केक भी काटा गया।

मोदी के जन्मस्थान गुजरात के वडनगर और कर्मभूमि माने जाने वाले वाराणसी के बीच करीब 1300 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली दो बाइक यात्राएं निकाली जा रही हैं। एक यात्रा वडनगर से वाराणसी की ओर रवाना हुई, जबकि दूसरी वाराणसी से वडनगर के लिए निकलेगी। वाराणसी से रवाना होने वाली यात्रा को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा में सेवा यात्री विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए देश के अलग-अलग हिस्सों में सेवा और जनसंपर्क का संदेश देंगे। दोनों दिशाओं में चलने वाली यात्राओं का समापन सात अक्टूबर को प्रस्तावित है।
रिपोर्टों के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं को सेवा गतिविधियों से जोड़ना और प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को रेखांकित करना है। काशी में जन्मदिन के मौके पर धार्मिक अनुष्ठान, स्वच्छता अभियान, जनसेवा कार्यक्रम और बाइक यात्रा समेत कई आयोजन किए जा रहे हैं। पूरे आयोजन में काशी से वडनगर तक प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से जोड़ा गया है।
