रामनगर पुलिस ने दो पिस्टल और सात कारतूस के साथ युवक को दबोचा

रामनगर पुलिस ने दो पिस्टल और सात कारतूस के साथ युवक को दबोचा

वाराणसी (रणभेरी) : कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत रामनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग और रात्रि गश्त के दौरान एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार पर गंभीर चोट पहुंची है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक पीएसी तिराहा से दुर्गा मंदिर की ओर अवैध असलहा लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान नितेश पांडेय निवासी डेंगर मोड़ भिटी, थाना रामनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद हथियारों की आपूर्ति और इनके संभावित उपयोग को लेकर गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या अकेले ही इस अवैध गतिविधि में शामिल था।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत ऐसे अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा ताकि क्षेत्र में अपराध और अवैध हथियारों की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *