वाराणसी (रणभेरी): हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े पूर्वी प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार उपाध्याय उर्फ राजभैया पर शनिवार रात वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार युवकों ने उनकी कार पर अचानक पथराव कर दिया।
घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राजभैया और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित बच गए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।बताया जा रहा है कि राजकुमार उपाध्याय रविवार को सवर्ण आयोग या बोर्ड गठन की मांग को लेकर प्रस्तावित पदयात्रा निकालने वाले हैं। इससे पहले हुए इस हमले के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताने लगे।

राजभैया का कहना है कि वे कार्यक्रम की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान वे अपने सहयोगी के साथ एक परिचित के घर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ पत्थर फेंके। उनका दावा है कि अगर वाहन थोड़ा आगे नहीं बढ़ा होता तो गंभीर हादसा हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। राजकुमार उपाध्याय ने आरोप लगाया कि उन्हें पहले से जान का खतरा है और वे लगातार सुरक्षा की मांग कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
