वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आध्यात्मिक नगरी काशी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का 56वां जन्मदिवस विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और जनसेवा कार्यक्रमों के माध्यम से उत्साहपूर्वक मनाया गया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विशेष आयोजन कर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जन्मदिन कार्यक्रमों के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, गौ-सेवा, पूजा-अर्चना, खिचड़ी वितरण तथा वैदिक मंत्रोच्चार जैसे आयोजन आकर्षण का केंद्र बने रहे।
दशाश्वमेध क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी को प्रतीकात्मक रूप से भगवान परशुराम के स्वरूप में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच उनका दुग्धाभिषेक किया गया। कार्यक्रम में राहुल गांधी के एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में संविधान दर्शाया गया। इस प्रस्तुति के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि जैसे भगवान परशुराम ने धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया था, उसी प्रकार लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की सुरक्षा के लिए भी मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा कि काशी की पवित्र धरती पर राहुल गांधी के जन्मदिवस को विशेष रूप से मनाया गया है। उन्होंने बताया कि मां गंगा और बाबा विश्वनाथ से राहुल गांधी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जन्मदिन तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।
राजनीतिक जानकार इस आयोजन को आगामी विधानसभा चुनावों के संदर्भ में भी देख रहे हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए विभिन्न वर्गों के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने का प्रयास कर रही है। राजनीतिक हलकों में इस आयोजन को ब्राह्मण समाज के प्रति संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।
वहीं शहर के रामापुरा क्षेत्र में भी राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गौ-पूजन कर गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की प्रार्थना की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश जिन विभिन्न चुनौतियों से गुजर रहा है, उनमें राहुल गांधी एक उम्मीद की किरण के रूप में सामने आए हैं।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने युवाओं, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता के सरोकारों से जुड़े विषयों को संसद से लेकर सड़क तक उठाते रहे हैं और विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास करते रहे हैं।
इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी वाराणसी और महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में दशाश्वमेध स्थित खिचड़ी बाबा मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। देश में सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव की कामना करते हुए प्रार्थना की गई।
पूजन कार्यक्रम के बाद मंदिर परिसर तथा आसपास मौजूद श्रद्धालुओं और जरूरतमंद लोगों के बीच खिचड़ी वितरण किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जन्मदिन को सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाने का उद्देश्य समाज में सहयोग और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने संयुक्त रूप से कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं तथा वंचित वर्गों की आवाज बनकर लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी है और लोकतांत्रिक मूल्यों की मजबूती के लिए निरंतर संघर्ष किया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने राहुल गांधी के स्वस्थ, सफल और दीर्घ जीवन की कामना करते हुए सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
