वाराणसी (रणभेरी): अस्सी घाट पर गंगा में डूब रहे व्यक्ति की जान बचाकर 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर के तीन जवानों ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। गंगा में डूब रहे सूरज पाल को देखते ही जवान हरिशंकर मौर्य ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उनके पीछे मुख्य आरक्षी हरेन्द्र यादव और आरक्षी शनि देवल गुप्ता भी बचाव कार्य में जुट गए।
तीनों जवानों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए डूब रहे सूरज पाल को पकड़ लिया और सुरक्षित घाट तक ले आए। अचानक हुए हादसे के बीच जवानों की तेजी से की गई कार्रवाई से एक अनमोल जिंदगी बच गई। घटना के दौरान घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। सूरज पाल के सुरक्षित बाहर निकलने पर लोगों ने राहत की सांस ली और पीएसी जवानों के साहस की सराहना की। तीनों जवानों ने अपनी ड्यूटी के साथ मानवता और सेवा-भाव का भी परिचय दिया। उनके इस साहसिक कार्य की घाट पर मौजूद लोगों ने जमकर प्रशंसा की।
