पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और पिता की सड़क हादसे में मौत, पड़ोसी गंभीर घायल

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और पिता की सड़क हादसे में मौत, पड़ोसी गंभीर घायल

वाराणसी (रणभेरी) : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रही एक युवती और उसके पिता की मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में बाबतपुर-जौनपुर बाईपास मार्ग पर बेलवा नागापुर के पास हुआ। दुर्घटना में बाइक चला रहा पड़ोसी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामनगर थाना क्षेत्र के कोदोपुर गांव निवासी 64 वर्षीय पृथ्वीनाथ सोनकर अपनी 20 वर्षीय बेटी आंचल सोनकर को जौनपुर में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए घर से निकले थे। उनके साथ पड़ोसी दिनेश सोनकर बाइक चला रहे थे। सुबह के समय जब तीनों बेलवा नागापुर के समीप पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से आगे निकल गया। दुर्घटना में पृथ्वीनाथ और उनकी बेटी आंचल ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शवों के अवशेष सड़क पर काफी दूर तक बिखर गए।

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और पिता की सड़क हादसे में मौत, पड़ोसी गंभीर घायल

वहीं बाइक चला रहे दिनेश सोनकर ने हेलमेट पहन रखा था, जिसके कारण उनके सिर पर गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि शरीर के अन्य हिस्सों में उन्हें गंभीर चोटें लगी हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा भेजा, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका आंचल के भाई निखिल ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं है। तीन बहनों में आंचल सबसे अधिक पढ़ाई में रुचि रखती थी और परिवार की उम्मीदों का केंद्र थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि घर की जिम्मेदारियों के कारण निखिल स्वयं पढ़ाई छोड़कर मजदूरी करता है।

निखिल ने बताया कि परिवार चाहता था कि आंचल पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी हासिल करे और घर की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद करे। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर वह काफी उत्साहित थी। हाल ही में प्रवेश पत्र मिलने के बाद वह तैयारी में जुटी हुई थी और परिवार के बेहतर भविष्य के सपने देख रही थी।

परिजनों के अनुसार परीक्षा से एक दिन पहले घर में नौकरी और भविष्य को लेकर बातचीत हो रही थी। आंचल का कहना था कि यदि उसे सरकारी नौकरी मिल जाती है तो वह माता-पिता की परेशानियां कम कर सकेगी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।

पड़ोसी की मदद लेने निकले थे पिता

निखिल ने बताया कि उनके पिता बाइक चलाना नहीं जानते थे। ऐसे में उन्होंने अपने पड़ोसी और मित्र दिनेश सोनकर से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने का अनुरोध किया था। मंगलवार सुबह दिनेश, पृथ्वीनाथ और आंचल को लेकर जौनपुर के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

फूलपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घायल युवक का इलाज जारी है।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक ओर परिवार ने अपने मुखिया को खो दिया, वहीं दूसरी ओर सरकारी नौकरी के सपने संजो रही बेटी की असमय मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *