1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई लैब, कैंसर, हार्मोन और हृदय रोगों से जुड़ी विशेष जांचों की मिलेगी सुविधा
वाराणसी (रणभेरी): पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में मरीजों को जल्द ही एक ही छत के नीचे 117 तरह की जांचों की सुविधा मिल सकती है। करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब (IPHL) अगले दो सप्ताह में शुरू होने की उम्मीद है। लैब के चालू होने से अस्पताल में जांचों का दायरा मौजूदा 62 से बढ़कर 117 तक पहुंच जाएगा। इससे मरीजों को कई महंगी और विशेष जांचों के लिए निजी लैब या दूसरे अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. सत्य प्रकाश मित्र के मुताबिक, लैब का भवन अप्रैल में ही अस्पताल को हैंडओवर कर दिया गया था, लेकिन निर्माण से जुड़ी कुछ कमियों के कारण अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। फिलहाल लैब को शुरू करने की तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए जरूरी संसाधनों के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित करनी होगी।
कैंसर, थायरॉयड और दिल की बीमारियों की भी जांच
नई लैब शुरू होने के बाद मरीजों को कई अत्याधुनिक जांचों की सुविधा मिलेगी। इनमें कैंसर की पहचान से जुड़े बायोमार्कर, थायरॉयड समेत विभिन्न हार्मोनल जांच, कार्डियक प्रोफाइल और विटामिन की कमी की जांच शामिल हैं। इसके अलावा मॉलिक्यूलर बायोलॉजी से जुड़ी जांचें भी की जा सकेंगी।
गर्भवती महिलाओं के लिए TORCH और एंटीफॉस्फोलिपिड एंटीबॉडी (APLA) जैसी महत्वपूर्ण जांचों की सुविधा भी प्रस्तावित है। इससे गर्भावस्था के दौरान संक्रमण और कुछ जटिलताओं की पहचान में मदद मिलेगी।

उद्घाटन के बाद भी शुरू नहीं हो सकी लैब
ओपीडी ब्लॉक के पीछे बनी इस लैब का निर्माण उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव लेबर एंड डिजास्टर फेडरेशन (UPCLDF) ने कराया है। परियोजना पर करीब 1.25 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 16 सितंबर 2023 को तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इसका वर्चुअल शिलान्यास किया था। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया। इसके बावजूद अब तक मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल सका है।
निरीक्षण में मिली थीं कई खामियां
13 नवंबर को सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने लैब का निरीक्षण किया था। इस दौरान भवन को एनओसी और जरूरी मानकों को पूरा किए बिना हैंडओवर किए जाने का मामला सामने आया था। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे। निरीक्षण में कमरों, दीवारों और जांच उपकरणों को स्थापित करने के लिए बनाई गई जगहों में खामियां मिली थीं।
महंगी मशीनों की स्थापना और सुरक्षा के लिहाज से भी निर्माण को मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया था। इस पर सीएमओ ने कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। साथ ही इंजीनियरों की टीम के साथ दोबारा निरीक्षण करने की बात कही गई थी।
इससे पहले जनवरी 2026 में भी लैब निर्माण की गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर सवाल उठे थे। उस दौरान 79 लाख रुपये का काम पूरा दिखाए जाने के बावजूद भवन के उपयोग के लायक नहीं होने की बात सामने आई थी। सरिया और सीमेंट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठे थे। मामले की तकनीकी जांच के लिए आईआईटी कानपुर की टीम को निर्देशित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, जांच की अंतिम रिपोर्ट के निष्कर्ष अब तक स्पष्ट नहीं हैं।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनेगी चुनौती
लैब शुरू होने के बाद सभी 117 तरह की जांचों का संचालन करना अस्पताल के लिए आसान नहीं होगा। सीएमएस डॉ. सत्य प्रकाश मित्र के अनुसार, अस्पताल में कुछ विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है। ऐसे में सभी जांचें एक साथ शुरू करने में परेशानी आ सकती है। इसके लिए शासन स्तर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।
अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर अगले दो सप्ताह में लैब का संचालन शुरू कर दिया जाए। इसके शुरू होने से जिला अस्पताल में जांच सुविधाओं का विस्तार होगा और मरीजों को विशेष जांचों के लिए निजी केंद्रों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी।
