नमो घाट पर जुटे तमिलनाडु के 1400 प्रतिभागी, ‘तिरुक्कुरल पायिलवोम’ थीम पर होंगे आयोजन; तीन पवित्र नगरियों में 3000 विद्यार्थियों को दी जाएगी तिरुक्कुरल की शिक्षा
वाराणसी (रणभेरी): काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से शनिवार को नमो घाट पर काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर तमिलनाडु के विभिन्न जिलों से आए करीब 1400 प्रतिभागियों, विद्यार्थियों और डेलिगेट्स ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उपराष्ट्रपति विशेष विमान से वाराणसी पहुंचे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने तमिलनाडु से आए विद्यार्थियों और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था।

इस बार संगमम की थीम ‘तिरुक्कुरल पायिलवोम’ यानी ‘आइए तिरुक्कुरल सीखें’ रखी गई है। यह तमिल के महान कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर की कालजयी रचना तिरुक्कुरल पर आधारित है। इसमें दो-दो पंक्तियों के दोहों के माध्यम से जीवन, नैतिकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों की शिक्षा दी गई है।

तीन शहरों में 50 शिक्षक देंगे तिरुक्कुरल की शिक्षा
संगमम की थीम को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए तमिलनाडु से हिंदी जानने वाले 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या में विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे। इनमें वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षकों की तैनाती होगी। इस पहल से करीब तीन हजार विद्यार्थियों के लाभान्वित होने की उम्मीद है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय स्थित भारतीय भाषा विभाग के डॉ. जगदीशन इस कार्य के संचालन में सहयोग कर रहे हैं।

कन्याकुमारी से कोयंबटूर तक के प्रतिभागी हुए शामिल
काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण में तमिलनाडु के कन्याकुमारी, चेन्नई, कोयंबटूर समेत विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागी पहुंचे हैं। इनके यात्रा कार्यक्रम में वाराणसी के साथ प्रयागराज और अयोध्या भी शामिल हैं। पहले तीन से चार दिनों तक प्रतिभागी इन धार्मिक और ऐतिहासिक नगरों का भ्रमण करेंगे। इसके बाद चार दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक और संवाद आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन में भारतीय भाषा समिति, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और आईआईटी मद्रास की अहम भूमिका है। अब तक इस आयोजन के चार संस्करण हो चुके हैं। पांचवें संस्करण के माध्यम से दोनों क्षेत्रों की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को करीब लाने का प्रयास किया जा रहा है।

एआई से तमिल और अंग्रेजी में होगा भाषणों का प्रसारण
भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री सम्मानित प्रोफेसर चामू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि काशी तमिल संगमम दो समृद्ध संस्कृतियों के मिलन का मंच है। इसकी परिकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। पिछले पांच वर्षों से यह आयोजन निरंतर हो रहा है और इसके माध्यम से उत्तर तथा दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार कार्यक्रम स्थल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से वक्ताओं के भाषणों का अंग्रेजी और तमिल में प्रसारण किया जा रहा है, जिससे भाषा की बाधा दूर होगी।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर अभिभूत हुए तमिलनाडु के छात्र
काशी तमिल संगमम में भाग लेने वाराणसी पहुंचे तमिलनाडु के करीब 250 विद्यार्थियों ने श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विद्यार्थियों ने बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान वे काफी उत्साहित नजर आए। विद्यार्थियों ने एक स्वर में ‘जय गंगा मैया’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारे लगाए। मंदिर प्रशासन की ओर से सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कालभैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करेंगे मुख्यमंत्री
काशी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भी बाबा का आशीर्वाद लिया। फिर नमो घाट पहुंचकर उपराष्ट्रपति के साथ काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन किया। उपराष्ट्रपति के रवाना होने के बाद मुख्यमंत्री का बीएचयू जाने का कार्यक्रम भी निर्धारित था।
