MLC चुनाव: सात नामांकन निरस्त, शिक्षक सीट पर 10 और स्नातक में 24 प्रत्याशी मैदान में

MLC चुनाव: सात नामांकन निरस्त, शिक्षक सीट पर 10 और स्नातक में 24 प्रत्याशी मैदान में

वाराणसी (रणभेरी): शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है। जांच के दौरान दस्तावेजों में आवश्यक प्रमाण और कागजात की कमी पाए जाने पर निर्वाचन अधिकारी एस. राजलिंगम ने सात प्रत्याशियों के नामांकन निरस्त कर दिए। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चार और स्नातक क्षेत्र के तीन उम्मीदवार शामिल हैं।

नामांकन पत्रों की जांच के दौरान प्रत्याशियों की ओर से अधिवक्ताओं ने आपत्तियों के संबंध में अपनी दलीलें रखीं। हालांकि, जिन दस्तावेजों और प्रमाणों की आवश्यकता थी, उनमें से कुछ के पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित नामांकन पत्रों को नियमों के तहत खारिज कर दिया।

भाजपा और सपा प्रत्याशियों के पर्चे वैध

जांच प्रक्रिया में भाजपा और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। इनके कागजात में कुछ सामान्य स्तर की कमियां जरूर सामने आईं, लेकिन नियमानुसार उन्हें स्वीकार कर लिया गया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी कृष्णमोहन यादव और अखिलेंद्र त्रिपाठी के नामांकन पत्रों में कई खामियां सामने आईं। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक जांच के बाद जिन सात प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त किए गए हैं, वे सभी निर्दलीय उम्मीदवार हैं।

MLC चुनाव: सात नामांकन निरस्त, शिक्षक सीट पर 10 और स्नातक में 24 प्रत्याशी मैदान में

स्नातक में तीन, शिक्षक सीट पर चार पर्चे खारिज

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पंकज गौतम, प्रशांत कुमार और रंजीत यादव के नामांकन निरस्त किए गए। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अखिलेंद्र कुमार, कपिलदेव यादव, डॉ. कृष्ण मोहन यादव और डॉ. बृजेश भारतीय के नामांकन पत्र जांच में मानकों पर खरे नहीं उतरे।

ऋतिका दुबे का नामांकन वैध

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी ऋतिका दुबे का नामांकन वैध पाया गया है। इसके साथ ही वह उत्तर प्रदेश में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाली एकमात्र महिला प्रत्याशी हैं।

ऋतिका से जुड़े संगठन की ओर से राजनीतिक दलों से शिक्षक सीट पर महिला उम्मीदवार को मौका देने की मांग की गई थी। किसी भी राजनीतिक दल से टिकट नहीं मिलने के बाद ऋतिका ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया।

MLC चुनाव: सात नामांकन निरस्त, शिक्षक सीट पर 10 और स्नातक में 24 प्रत्याशी मैदान में

नाम वापसी के बाद तस्वीर होगी साफ

सात नामांकन रद्द होने के बाद अब शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 10 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। 9 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों की अंतिम संख्या स्पष्ट हो जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी। प्रशासन ने चुनाव को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। मतदान और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए दो प्रेक्षक भी वाराणसी में मौजूद हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *