(रणभेरी): गाज़ीपुर में गहमर कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव के पास बुधवार देर रात रेलवे ट्रैक के किनारे घर लौट रहे दो मजदूर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह ग्रामीणों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतकों की पहचान देवकली गांव निवासी कल्लू मुसहर (20) पुत्र स्वर्गीय विशेश्वर मुसहर और बलिराज राजभर (32) पुत्र बब्बन राजभर के रूप में हुई है। दोनों मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों युवक बुधवार को मजदूरी के सिलसिले में उसिया गांव गए थे। रात करीब 11 बजे काम खत्म करने के बाद वे रेलवे लाइन के किनारे से अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे पोल संख्या 688/11 के समीप डाउन लाइन पर गुजर रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में दोनों आ गए।
गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव पड़े होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सेवराई चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम प्रधान राम प्रवेश मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों युवक गांव में मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि देवकली के पास दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना मिली थी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
देवकली के पास पहले भी हो चुके हैं हादसे
देवकली गांव के आसपास रेलवे ट्रैक पर हादसों का सिलसिला पहले भी सामने आ चुका है। अक्टूबर 2025 में ट्रैक पार करते समय पीडब्ल्यूडी कर्मी धर्मराज राय (50) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई थी। वह देवकली गांव के रहने वाले थे।
इसके बाद 2 जनवरी 2026 को भी देवकली के पास ट्रेन की चपेट में आने से 75 वर्षीय किसान चेखुर राम की जान चली गई थी। वे भी इसी गांव के निवासी थे।
सितंबर में तीन घटनाओं में चार लोगों की मौत
देवकली गांव के पास बुधवार रात हुए हादसे के साथ गहमर क्षेत्र में सितंबर 2026 तक ट्रेन से जुड़े तीन अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो चुकी है।
- देवकली गांव: डाउन लाइन पर एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत।
- बकैनिया गांव: ट्रेन से गिरने के कारण सितंबर में एक व्यक्ति की मौत।
- गहमर रेलवे स्टेशन: ट्रेन से गिरने से एक युवक की मौत हुई थी। उसका शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था।
