वाराणसी (रणभेरी): दीपावली के बाद पूर्वांचल के मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। ग्रामीण अंचलों में कोहरे का असर दिखने लगा है, जबकि वाराणसी शहर में सुबह के समय हल्का कुहासा नजर आ रहा है। हालांकि, बीते दिनों हुई बारिश के बाद फिलहाल शहर में घने कोहरे की स्थिति नहीं बन रही है। मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए आने वाले पखवारे में पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने की संभावना है। इसके साथ ही पूरे पूर्वांचल में कोहरे का दायरा बढ़ सकता है और ठंड भी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वाराणसी में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। इस दौरान वातावरण में नमी का स्तर न्यूनतम 74 और अधिकतम 81 प्रतिशत दर्ज किया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और रात के समय मौसम में ठंडक का एहसास बढ़ने लगा है।
उत्तर और पूर्व में बादलों का जमावड़ा
मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल के उत्तर में नेपाल की तराई और पूर्वी दिशा में समुद्री क्षेत्रों के आसपास घने बादलों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। मौसम के इस बदलाव का असर आने वाले दिनों में पूर्वांचल के तापमान पर पड़ सकता है। बादलों के गुजरने के बाद पछुआ हवाओं के प्रभाव से ठंड में तेजी आने की संभावना है। पश्चिमी दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं रात के तापमान में गिरावट का कारण बन सकती हैं।
सप्ताह के अंत तक 16 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह के अंत तक वाराणसी का न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान में गिरावट के साथ सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ेगा। वहीं पछुआ हवाओं की सक्रियता बढ़ने पर ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का विस्तार होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में पूर्वांचल में सुबह की शुरुआत धुंध और कुहासे के साथ होने के आसार हैं।
