वाराणसी (रणभेरी): धर्म और आस्था की नगरी काशी में भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने परिवार के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
बताया जा रहा है कि अभिनेत्री इन दिनों वाराणसी में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मौजूद हैं। गुरु पूर्णिमा से पहले उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की।

अक्षरा सिंह के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंच गई। श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। अभिनेत्री ने भी हाथ जोड़कर “हर-हर महादेव” का उद्घोष किया और लोगों के स्नेह एवं प्रेम के प्रति आभार व्यक्त किया।
मीडिया से बातचीत में अक्षरा सिंह ने कहा कि काशी एक अद्भुत, अलौकिक और दिव्य नगरी है। यहां जो भी आता है, वह काशी की आध्यात्मिकता से जुड़ जाता है। उन्होंने बताया कि उनका काशी से पुराना लगाव रहा है और यहां आकर उन्हें हमेशा सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि यदि समय मिला तो वह विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगी।
