काशी में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात, कबीरचौरा अस्पताल बनेगा सुपर स्पेशलिटी सेंटर

काशी में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात, कबीरचौरा अस्पताल बनेगा सुपर स्पेशलिटी सेंटर

315 करोड़ से होगा निर्माण, 500 बेड और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल

वाराणसी (रणभेरी): काशी के ऐतिहासिक कबीरचौरा स्थित शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय को अब अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास 28 अप्रैल को किया गया था, जिसके बाद अब विधिवत पूजन के साथ निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है।

वाराणसी दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि वर्ष 1870-75 के बीच बने इस अस्पताल ने लंबे समय तक पूर्वांचल के लाखों मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं दी हैं। पुराने भवन जर्जर होने के कारण अब उन्हें हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई इमारत बनाई जा रही है।

काशी में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात, कबीरचौरा अस्पताल बनेगा सुपर स्पेशलिटी सेंटर

अस्पताल की क्षमता 300 बेड से बढ़ाकर 500 बेड की जाएगी। परिसर में दो टावरों वाला आठ मंजिला सुपर स्पेशलिटी भवन तैयार होगा, जिसमें आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नई परियोजना में हृदय रोग, कैंसर और न्यूरो मरीजों के लिए विशेष यूनिट बनाई जाएंगी। अस्पताल में 50 से अधिक ICU बेड और 100 से ज्यादा HDU बेड की व्यवस्था होगी। किडनी मरीजों के लिए 20 बेड का आधुनिक डायलिसिस वार्ड भी बनाया जाएगा।

काशी में स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात, कबीरचौरा अस्पताल बनेगा सुपर स्पेशलिटी सेंटर

बच्चों के इलाज के लिए समर्पित चाइल्ड यूनिट विकसित की जाएगी। वहीं, पास स्थित महिला अस्पताल में बच्चों के लिए अलग ICU भवन निर्माण का भी प्रस्ताव है।

मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि भवन निर्माण के लिए 315 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। आधुनिक उपकरणों और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के लिए अलग से बजट उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 2 से 3 हजार मरीज पहुंचते हैं, जबकि कई दिनों में यह संख्या 4 हजार तक हो जाती है। वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल और आसपास के राज्यों से मरीज यहां इलाज कराने आते हैं।

विधायक ने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शिव प्रसाद गुप्त चिकित्सालय पूर्वांचल का सबसे आधुनिक और विश्वस्तरीय सरकारी अस्पताल बनकर उभरेगा, जहां गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहतर व निःशुल्क उपचार मिल सकेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *