वाराणसी में कैंसर मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से लगाई छलांग, ऑपरेशन के अगले दिन हुई मौत; CCTV जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी में कैंसर मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से लगाई छलांग, ऑपरेशन के अगले दिन हुई मौत; CCTV जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी (रणभेरी): चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। कैंसर का इलाज करा रहे 35 वर्षीय मरीज की अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया गया है।

एक माह से चल रहा था इलाज

मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मोहजम्मा गांव निवासी रामेश्वर कुमार (35) पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह पिछले लगभग एक महीने से कैंसर संस्थान में भर्ती होकर उपचार करा रहे थे। रविवार को उनका ऑपरेशन किया गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित वार्ड में रखा गया था।

देर रात हुई घटना

जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात लगभग 12:50 बजे मरीज वार्ड से निकलकर अस्पताल की चौथी मंजिल पर पहुंचा। कुछ ही देर बाद वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। तेज आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले मरीज की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी।

वाराणसी में कैंसर मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से लगाई छलांग, ऑपरेशन के अगले दिन हुई मौत; CCTV जांच में जुटी पुलिस

अस्पताल में मचा हड़कंप

घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद चितईपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। साथ ही अस्पताल प्रशासन, ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों तथा मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी मिल सके।

भेलूपुर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) गौरव कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *