5 साल के बच्चे का प्राइवेट पार्ट जलाने का आरोप: पेशाब करने पर टीचर ने दी कथित सजा, शिकायत पर प्रिंसिपल ने भी धमकाया

5 साल के बच्चे का प्राइवेट पार्ट जलाने का आरोप: पेशाब करने पर टीचर ने दी कथित सजा, शिकायत पर प्रिंसिपल ने भी धमकाया

वाराणसी (रणभेरी): लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के अकथा स्थित एक निजी प्ले स्कूल में नर्सरी के छात्र के साथ कथित तौर पर हैरान करने वाली घटना सामने आई है। पांच वर्षीय बच्चे के परिजनों ने स्कूल की शिक्षिका पर प्राइवेट पार्ट जलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चे ने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन मना कर दिया गया। बाद में पैंट में पेशाब हो जाने पर शिक्षिका ने उसे कथित रूप से गर्म धारदार वस्तु से दाग दिया। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस ने बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराकर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित बच्चे के पिता केशरी जायसवाल ने बताया कि उनका बेटा अस्तित्व जायसवाल अकथा स्थित सेरेन सोनी प्ले स्कूल में नर्सरी का छात्र है। गुरुवार को स्कूल से घर लौटने के बाद वह लगातार दर्द की शिकायत कर रहा था। जब उसकी मां ने जांच की तो प्राइवेट पार्ट पर छाले जैसा निशान दिखाई दिया। पूछने पर बच्चे ने बताया कि उसकी क्लास टीचर प्रीति कुशवाह ने उसे चोट पहुंचाई है।

‘बाथरूम जाने नहीं दिया, पैंट में पेशाब होने पर दी सजा’

परिजनों के अनुसार बच्चे ने बताया कि उसे स्कूल में पेशाब लगी थी। उसने शिक्षिका से बाथरूम जाने की अनुमति मांगी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। कुछ देर बाद उससे पैंट में ही पेशाब हो गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शिक्षिका उसे दूसरे कमरे में ले गईं और गैस पर गर्म की गई किसी धारदार वस्तु से उसके प्राइवेट पार्ट को दाग दिया। बच्चे ने यह भी बताया कि उसे दोबारा ऐसा करने पर और गंभीर सजा देने की धमकी दी गई।

शिकायत करने पर सहयोग नहीं मिला

बच्चे के पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी ने स्कूल की प्रिंसिपल हेमलता सिंह से फोन पर संपर्क किया, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। शुक्रवार सुबह जब पूरा परिवार स्कूल पहुंचा और प्रिंसिपल व प्रबंधन से बातचीत की, तब भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि उन्हें उल्टा धमकाते हुए कहा गया कि “जो करना है कर लो।”

डरा हुआ है बच्चा, स्कूल जाने से कर रहा इनकार

घटना के बाद बच्चा मानसिक रूप से सहमा हुआ है। परिजनों का कहना है कि वह दोबारा स्कूल जाने को तैयार नहीं है। इसके बाद उन्होंने लालपुर-पांडेयपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस बोली- मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर प्राप्त हो गई है। बच्चे को मेडिकल परीक्षण के लिए दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *