शिवपुर में चूल्हा रिपेयरिंग सेंटर में विस्फोट के बाद उठीं आग की लपटें, करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज; अवैध रिफिलिंग की आशंका
वाराणसी (रणभेरी): शिवपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को रेलवे क्रॉसिंग के पास एक दुकान में गैस सिलेंडर विस्फोट होने से इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई। विस्फोट के बाद दुकान में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के दौरान करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल पर तीन सिलेंडरों में विस्फोट होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना शिवपुर थाना क्षेत्र में सोनकली बालिका इंटर कॉलेज के पश्चिमी तरफ रेलवे क्रॉसिंग से हाईवे को जोड़ने वाले रास्ते पर हुई। इस मार्ग पर दुकानों की एक कतार है, जहां करीब एक दर्जन दुकानें हैं। इनमें सबसे आखिरी दुकान संजय तिवारी की बताई जा रही है। दुकान पर गैस सिलेंडर और चूल्हे की बिक्री का काम होता है। इसी दुकान में बुधवार को अचानक विस्फोट हो गया।

10-15 मिनट के अंतराल पर हुए तीन धमाके
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान में पहला सिलेंडर फटने के बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। अभी लोग स्थिति को समझने की कोशिश कर ही रहे थे कि करीब 10 से 15 मिनट बाद दूसरा सिलेंडर भी विस्फोट के साथ फट गया। इसके लगभग 10 मिनट बाद तीसरे सिलेंडर में भी धमाका होने की बात सामने आई है। लगातार हुए विस्फोटों से इलाके में दहशत फैल गई। दुकान से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग सहम गए।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
चूल्हा रिपेयरिंग सेंटर की आड़ में रिफिलिंग का आरोप
प्रारंभिक जानकारी में दुकान पर गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग किए जाने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि चूल्हा रिपेयरिंग सेंटर के नाम पर यहां बड़े स्तर पर गैस रिफिलिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में विस्फोट होने की बात सामने आई है।
हालांकि, गैस रिफिलिंग के दौरान ही विस्फोट होने और दुकान में अवैध रूप से रिफिलिंग किए जाने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल, हादसे के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
