वाराणसी शिक्षक MLC सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत, स्नातक में आशुतोष सिन्हा 2941 वोट से आगे

वाराणसी शिक्षक MLC सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत, स्नातक में आशुतोष सिन्हा 2941 वोट से आगे

पहड़िया मंडी में दूसरे दिन भी मतगणना जारी, 28 हजार मतों की गिनती पूरी; राउंडवार नतीजे घोषित नहीं करने पर सपा ने उठाए सवाल

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद (एमएलसी) सीटों के लिए पहड़िया मंडी परिसर में मतगणना दूसरे दिन भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जारी रही। शिक्षक सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के निवर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव ने बड़ी बढ़त बनाते हुए जीत का दावा किया है। वहीं, स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा भाजपा के निवर्तमान एमएलसी केदारनाथ सिंह से आगे चल रहे हैं। स्नातक सीट पर अब तक 28 हजार मतों की गिनती पूरी हो चुकी है, जिसमें आशुतोष सिन्हा 2941 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से शिक्षक सीट पर जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।

शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की बड़ी बढ़त

वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव और भाजपा के डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के बीच मुकाबला हुआ। प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में लाल बिहारी यादव को 10,929 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार मिश्रा को 6,065 मत प्राप्त हुए। इस तरह पहली वरीयता की गिनती के बाद सपा प्रत्याशी ने 4,864 मतों की मजबूत बढ़त बना ली थी।

जीत का अंतर स्पष्ट करने के लिए दूसरी वरीयता के मतों की गिनती रात करीब 10 बजे शुरू हुई। शुरुआती गणना के आधार पर लाल बिहारी यादव को जीत के लिए कुछ सौ मतों की जरूरत बताई गई। रात करीब 11:30 बजे वह मतगणना स्थल से बाहर आए और अपनी जीत का दावा किया। हालांकि, प्रशासन की ओर से परिणाम की औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी।

स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा की बढ़त बरकरार

वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सपा के आशुतोष सिन्हा और भाजपा के निवर्तमान एमएलसी केदारनाथ सिंह के बीच कड़ा मुकाबला जारी है। आठ जिलों से आए मतपत्रों की बंडलिंग और छंटाई की प्रक्रिया में समय लगने के कारण मतगणना धीमी गति से हुई।

पहले राउंड की गिनती में आशुतोष सिन्हा को 5,235 मत मिले, जबकि केदारनाथ सिंह को 3,740 मत प्राप्त हुए। शुरुआती दौर में सपा प्रत्याशी 1,495 मतों से आगे थे। इसके बाद की मतगणना के अपडेट में आशुतोष सिन्हा की बढ़त 2,941 मत बताई गई। अब तक कुल 28 हजार मतों की गिनती पूरी होने की जानकारी दी गई है।

राउंडवार नतीजे घोषित नहीं करने पर सपा ने जताई नाराजगी

सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने मतगणना के दौरान प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले राउंड में उनकी बढ़त करीब 1,500 मतों की थी, जबकि दूसरे राउंड में यह लगभग 3,000 मतों तक पहुंच गई थी। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से राउंडवार परिणामों की घोषणा नहीं की जा रही है और न ही उन्हें डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

सिन्हा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रत्येक राउंड की गिनती पूरी होने के बाद उसके परिणाम की घोषणा और प्रदर्शन किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में अधिकारियों से लगातार बात करने के बावजूद स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे मतगणना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सपा सांसद बोले- यह 2027 का बिगुल है

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह भी पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पहुंचे। उन्होंने सपा की बढ़त पर खुशी जताते हुए कहा कि परिणाम घोषित करने में देरी उचित नहीं है। अधिकारियों को प्रत्येक राउंड का परिणाम सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

उन्होंने आगरा और वाराणसी के चुनावी परिणामों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये नतीजे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल हैं। सांसद ने प्रशासन से मतगणना की स्थिति स्पष्ट करने और परिणामों की समय पर घोषणा करने की मांग की।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मतगणना स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर ने परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मतगणना केंद्र में केवल अधिकृत एजेंटों को प्रवेश दिया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी और वीडियो कैमरों की निगरानी में कराई जा रही है।

दोनों प्रमुख दलों के नेता और समर्थक मतगणना स्थल के बाहर डटे हुए हैं। मतपत्रों की प्राथमिकता के आधार पर छंटाई और गिनती की जटिल प्रक्रिया के कारण अंतिम परिणाम में देरी हो रही है। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, देर शाम या रात तक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *