(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर मंगलवार को जारी किया गया। पोस्टर में शाहरुख के होंठों के बीच गुलाब नजर आ रहा है। उनकी आंखों में गुस्सा और चेहरे पर रोमांटिक अंदाज दिखाई दे रहा है। पोस्टर से फिल्म में एक्शन और रोमांस के अनूठे मेल की झलक मिलती है। फिल्म 24 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “आज फिर याद आया… कातिल नहीं, आशिक हूं।” फिल्म में शाहरुख एक नए एक्शन अवतार में नजर आएंगे। इसका निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने मिलकर किया है।
कई बड़े सितारे आएंगे नजर
‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, अनिल कपूर, अभय वर्मा और अरशद वारसी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक मेंटर और उसके शिष्य के सफर पर आधारित है। दोनों कठिन परिस्थितियों में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करते दिखाई देंगे।
क्रिसमस पर हॉलीवुड फिल्मों से मुकाबला
क्रिसमस 2026 के दौरान रिलीज होने जा रही ‘किंग’ को हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला करना पड़ सकता है। इसी दौरान ‘जुमांजी’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘ड्यून 3’ जैसी फिल्में भी रिलीज होने वाली हैं। ऐसे में ‘किंग’ के लिए बड़े स्तर पर थिएटर रिलीज की योजना बनाई जा रही है।
250 करोड़ रुपये में बिके वितरण अधिकार
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, फिल्म वितरण कंपनी पेन मरुधर ने ‘किंग’ के अखिल भारतीय वितरण अधिकार 250 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। हालांकि, यह जानकारी रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है।
पेन मरुधर का शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस के साथ पहले भी काम करने का अनुभव रहा है। कंपनी ‘जवान’, ‘डंकी’, ‘जीरो’, ‘बदला’ और ‘इत्तेफाक’ जैसी फिल्मों को रिलीज कर चुकी है। रिपोर्ट के अनुसार, ए.ए. फिल्म्स, जियो स्टूडियोज, पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स, यशराज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शंस जैसी कंपनियों ने भी फिल्म के घरेलू वितरण अधिकारों के लिए बोली लगाई थी। शाहरुख खान की लोकप्रियता, बड़े सितारों की मौजूदगी और क्रिसमस की छुट्टियों को देखते हुए ‘किंग’ से बॉक्स ऑफिस पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
