मणिकर्णिका घाट पर मारपीट और हत्या के प्रयास का नौवां आरोपी गिरफ्तार

मणिकर्णिका घाट पर मारपीट और हत्या के प्रयास का नौवां आरोपी गिरफ्तार

दाह संस्कार के दौरान हुआ था विवाद, लोहे की रॉड से हमले में युवक हुआ था गंभीर घायल

वाराणसी (रणभेरी): मणिकर्णिका घाट पर दाह संस्कार के दौरान हुई मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में चौक पुलिस ने फरार चल रहे नौवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय शनि चौधरी उर्फ मोहित निवासी मीरघाट, थाना दशाश्वमेध के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 27 अक्टूबर को मणिकर्णिका घाट के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, घटना 9 अक्टूबर 2026 की है। मणिकर्णिका घाट पर दाह संस्कार के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घायल युवक को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, फरार चल रहे नौवें आरोपी शनि चौधरी उर्फ मोहित को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *