आरा, बिहार का रहने वाला है आरोपी कुमुद कौशल, यात्रियों के मोबाइल चोरी करने का आरोप
वाराणसी (रणभेरी): रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान की चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी (GRP) और सीआईबी (CIB) की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास स्थित पंप हाउस के निकट से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुमुद कौशल, पुत्र कौशल कुमार, निवासी आरा, बिहार के रूप में हुई है। आरोपी पर रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी करने का आरोप है।
गश्त के दौरान पकड़ में आया आरोपी
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन परिसर में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जीआरपी और सीआईबी की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 के आगे पंप हाउस के पास एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया। टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।
