- बनारस प्रदेश में तीसरा सबसे गर्म जिला, सड़कों पर सन्नाटा, घरों में एसी-कूलर का सहारा
- 45.6 डिग्री तक पहुंचा पारा, 25 मई तक राहत के आसार नहीं
- देर रात तक गर्मी का सितम झेलते रहे लोग, बेतहाशा बिजली कटौती से बिलबिलाए लोग
वाराणसी (रणभेरी): काशी भीषण गर्मी और लू के प्रचंड थपेड़ों से बुरी तरह झुलस रहा है। हालात ऐसे रहे मानो आसमान से आग बरस रही हो और धरती तवे की तरह तप रही हो। लगातार बढ़ती तपिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक स्तर है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है और 25 मई तक गर्मी का कहर जारी रह सकता है।
सुबह से ही झुलसाने लगी धूप, 10 बजे पार हुआ 40 डिग्री
दिन की शुरुआत के साथ ही सूरज के तेवर तीखे हो गए। सुबह से ही धूप में असामान्य तपिश महसूस की जाने लगी। स्थिति यह रही कि जैसे-जैसे समय आगे बढ़ा, गर्मी का असर भी बढ़ता गया। महज 10 बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका था। दोपहर तक लू के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगे। सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया और जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे सिर ढककर, गमछा, टोपी और छाते का सहारा लेते नजर आए। बाइक सवारों और रिक्शा चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज गर्म हवाओं ने राहगीरों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
भीषण गर्मी का असर शहर की रफ्तार पर साफ दिखाई दिया। दिन के समय मुख्य सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम आवाजाही रही। बाजारों में भीड़ घट गई और कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। घरों के भीतर भी गर्मी से राहत नहीं मिली और लोग एसी, कूलर तथा पंखों के सहारे दिन काटने को मजबूर दिखे। जिन घरों में ये सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, वहां पंखों से भी केवल गर्म हवा ही मिलती रही, जिससे परेशानी और बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रहा। दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर बना रहा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल पश्चिमी हवाओं के प्रभाव और नमी की कमी के कारण तापमान में गिरावट के संकेत नहीं हैं। अनुमान है कि 25 मई तक भीषण गर्मी और लू का असर जारी रहेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित बना रहेगा।
