आधी रात चारदीवारी फांदकर कमरे में घुसे दो आरोपी, मरा समझकर छोड़ा; एक साल पहले भी हमले का आरोप
वाराणसी (रणभेरी: रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरहुआ गांव में रविवार देर रात घर में घुसकर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधी रात चारदीवारी फांदकर कमरे में घुसे दो लोगों ने उमेश शेखर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गर्दन पर 15 टांके लगाए गए। घटना के बाद से परिवार के लोग दहशत में हैं।
पीड़ित उमेश शेखर पुत्र शंकर राम ने रोहनिया पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे वह घर में मौजूद थे। इसी दौरान दो लोग मकान की चारदीवारी फांदकर कमरे में घुस आए। आरोप है कि उनमें से एक गजाधरपुर निवासी मगरू प्रसाद यादव था, जबकि दूसरे की पहचान वह सामने आने पर कर सकते हैं।
पीड़ित के मुताबिक, कमरे में घुसते ही मगरू प्रसाद यादव ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर जान से मारने की नीयत से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद दोनों आरोपी उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से चले गए।
जाते समय दी जान से मारने की धमकी
उमेश शेखर का आरोप है कि हमला करने के बाद जाते समय आरोपियों ने पिछली घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बार वह बच गया था, लेकिन इस बार उसका काम तमाम हो गया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। उमेश की पत्नी ने इसकी जानकारी उनके बड़े भाई डॉ. चंद्रशेखर को दी। इसके बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उमेश शेखर अपने भाई के साथ इंदिरा अस्पताल एवं नर्सिंग इंस्टीट्यूट के प्रबंधन का काम देखते हैं। उनके बड़े भाई डॉ. चंद्रशेखर इसी अस्पताल में प्रमुख चिकित्सक हैं।
एक साल पहले भी हमले का आरोप
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले भी उन पर जानलेवा हमला हुआ था। उस समय अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। अब दोबारा हमले की घटना के बाद परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रोहनिया पुलिस ने उमेश शेखर की तहरीर के आधार पर मगरू प्रसाद यादव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
