वाराणसी: जमीन विवाद में किसान की मौत, फावड़े से हमले का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी: जमीन विवाद में किसान की मौत, फावड़े से हमले का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी); वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक किसान की जान चली गई। घटना सोमवार की बताई जा रही है, जब घमहापुर (हरदत्तपुर) गांव निवासी एक किसान अपने घर के बाहर मवेशियों के लिए चारा रखने की नाद तैयार कर रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों ने इसका विरोध किया और कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया।

हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने पहुंचे उसके परिजन, जिनमें उसका बेटा भी शामिल था, वे भी झड़प में चोटिल हो गए। घटना के बाद घायल को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे बीएचयू अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

वाराणसी: जमीन विवाद में किसान की मौत, फावड़े से हमले का आरोप, तीन आरोपी गिरफ्तार

मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर मारपीट का मामला दर्ज किया गया था, लेकिन अब मौत के बाद इसे हत्या की धाराओं में परिवर्तित किया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई और धाराएं स्पष्ट की जाएंगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *