वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर के निकट मंगलवार को वाहन खड़ा करने और रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हाथापाई में बदल गई और सड़क पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर क्षेत्र के पास एक वाहन के खड़े होने को लेकर दो पक्षों के लोगों के बीच पहले बहस शुरू हुई। दोनों ओर से कहासुनी बढ़ने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ ही मिनटों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में स्थिति पर नियंत्रण नहीं हो सका।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद श्रद्धालु और राहगीर भी अचानक हुई मारपीट से घबरा गए। वायरल हो रहे वीडियो में कई लोग एक-दूसरे को धक्का-मुक्की करते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के कारण कुछ समय के लिए वहां आवागमन भी प्रभावित हुआ।
मारपीट के बीच एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करती नजर आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला लगातार लोगों से विवाद समाप्त करने और संयम बरतने की अपील करती रही। इस दौरान वहां मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि विवाद में शामिल अधिकांश लोग मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बाहर से वाराणसी आए हुए थे। हालांकि घटना के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने स्तर पर मामला शांत करने में जुट गए। देर शाम तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं मिली थी।
इस बीच कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान विश्वविद्यालय की प्राक्टोरियल व्यवस्था से जुड़े कर्मी मौके पर मौजूद होने के बावजूद सक्रिय हस्तक्षेप नहीं कर सके। हालांकि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
