गंगा दशहरा पर काशी में श्रद्धा का संगम, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ मां गंगा का दुग्धाभिषेक

गंगा दशहरा पर काशी में श्रद्धा का संगम, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ मां गंगा का दुग्धाभिषेक

वाराणसी (रणभेरी): धार्मिक नगरी काशी में मंगलवार को गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धा, आस्था और वैदिक परंपराओं के साथ धूमधाम से मनाया गया। देवी अहिल्याबाई घाट पर विप्र समाज, काशी के तत्वावधान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शहर दक्षिणी के विधायक पंडित नीलकंठ तिवारी ने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर लोककल्याण एवं समाज की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान घाट क्षेत्र वैदिक मंत्रों, शंखध्वनि और हर-हर गंगे के उद्घोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। विप्र समाज, काशी के अध्यक्ष डॉ. पवन शुक्ला के संयोजन में शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 51 बटुकों ने वैदिक आचार्य पंडित उदित नारायण मिश्रा के निर्देशन में षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। पूजन में गंध, अक्षत, पुष्प, केसर और नैवेद्य अर्पित किए गए। इसके पश्चात 51 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक किया गया।

गंगा दशहरा पर काशी में श्रद्धा का संगम, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ मां गंगा का दुग्धाभिषेक

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान घाट पर धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

गंगा दशहरा का विशेष महत्व : पंडित नीलकंठ तिवारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पंडित नीलकंठ तिवारी ने कहा कि सनातन परंपरा में गंगा दशहरा का अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। ज्येष्ठ शुक्ल दशमी को मनाया जाने वाला यह पर्व मां गंगा के धरती पर अवतरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन गंगा स्नान, दान-पुण्य और पूजा-अर्चना करने से मनुष्य को पापों से मुक्ति मिलती है तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है।

गंगा दशहरा पर काशी में श्रद्धा का संगम, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ मां गंगा का दुग्धाभिषेक

उन्होंने पौराणिक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि राजा भगीरथ ने अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए कठोर तपस्या की थी, जिसके फलस्वरूप मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुईं। विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में भी समाज को भगीरथ के प्रयासों से प्रेरणा लेकर लोककल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए।

गंगा दशहरा पर काशी में श्रद्धा का संगम, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ मां गंगा का दुग्धाभिषेक

वैदिक अनुष्ठान में जुटे श्रद्धालु

गंगा पूजन और दुग्धाभिषेक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। आयोजन में प्रमुख रूप से डॉ. पवन शुक्ला, प्रमोद कुमार मिश्र, रमेश तिवारी, विशाल औढेकर, नवीन कसेरा, डॉ. अशेष नारायण द्विवेदी, संजय उपाध्याय, किशोरी रमण दूबे ‘बाबू महाराज’, अधिवक्ता प्रकाश गुप्ता, आकाश पाठक एवं षडानन पाठक सहित अन्य लोग मौजूद रहे। धार्मिक आस्था और वैदिक संस्कृति से ओतप्रोत इस आयोजन ने काशी की सनातन परंपरा को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *