वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में पेपर लीक मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। बीएचयू से लेकर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ तक छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बीएचयू के लंका गेट, सिंहद्वार और आसपास के इलाकों में 5 थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। वहीं, प्रधानमंत्री जनसंपर्क कार्यालय (PMO) पर भी एहतियातन पुलिस बल लगाया गया है।

छात्र संगठन पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन की एक वजह नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध भी है, जिसके समर्थन में वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भी छात्र आंदोलन तेज हो गया है।

बुधवार सुबह महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में प्रदर्शन की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया और पुलिस अधिकारियों ने पैदल मार्च कर हालात का जायजा लिया। दूसरी ओर, बीएचयू में भी छात्र-छात्राओं का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी रहा। कैंपस और मुख्य प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

इस बीच, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कई नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल, वाराणसी में हालात शांतिपूर्ण हैं, लेकिन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।
