वेज बर्गर के ऑर्डर पर घर पहुंचा चिकन बर्गर, अधिवक्ता ने की मुआवजे की मांग

वेज बर्गर के ऑर्डर पर घर पहुंचा चिकन बर्गर, अधिवक्ता ने की मुआवजे की मांग

बेटे ने चखा तो स्वाद लगा अलग, पैकेट पर लिखा था चिकन बर्गर; स्विगी मैनेजर ने गलती स्वीकार की, पुलिस से की शिकायत

वाराणसी (रणभेरी): ऑनलाइन फूड डिलीवरी में लापरवाही का मामला सामने आया है। स्विगी के जरिए मैकडॉनल्ड्स से वेज बर्गर ऑर्डर करने वाले अधिवक्ता प्रशांत विश्वकर्मा के घर चिकन बर्गर पहुंचा दिया गया। बेटे ने जब बर्गर खाना शुरू किया तो स्वाद अलग लगा। इसके बाद पैकेट की जांच की गई तो उस पर चिकन बर्गर लिखा मिला। मामले में अधिवक्ता ने स्विगी के मैनेजर से शिकायत करने के साथ ही सिगरा थाना प्रभारी को भी फोन पर जानकारी दी है। उन्होंने कंपनी से मुआवजे की मांग की है।

अधिवक्ता प्रशांत विश्वकर्मा ने बताया कि वह इन दिनों परीक्षा देने के सिलसिले में गोरखपुर आए हुए हैं। गुरुवार को उनके बेटे ने बर्गर खाने की जिद की थी। इस पर उन्होंने शाम 5:45 बजे स्विगी के माध्यम से मैकडॉनल्ड्स से वेज बर्गर, फ्रेंच फ्राइज और कोल्ड ड्रिंक का बडी मील ऑर्डर किया। करीब दो घंटे बाद शाम 7:30 बजे डिलीवरी उनके घर पहुंची।

वेज बर्गर के ऑर्डर पर घर पहुंचा चिकन बर्गर, अधिवक्ता ने की मुआवजे की मांग

परिवार ने पैकेट खोला तो उसमें वेज बर्गर की जगह चिकन बर्गर निकला। प्रशांत के मुताबिक, बेटे ने बर्गर खाना शुरू किया तो उसे स्वाद कुछ अलग लगा। उसने मां को बुलाया। इसके बाद पैकेट पर लिखी जानकारी देखी गई तो उस पर चिकन बर्गर दर्ज था। प्रशांत ने कहा कि उनके परिवार में लहसुन-प्याज तक नहीं बनाया जाता है। ऐसे में शाकाहारी भोजन का ऑर्डर देने के बावजूद नॉनवेज बर्गर पहुंचना गंभीर लापरवाही है। इससे उनके परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

मैनेजर ने डिलीवरी में गलती की बात स्वीकार की

अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने स्विगी के मैनेजर विशाल को फोन कर शिकायत की। उनके अनुसार, मैनेजर ने गलती स्वीकार करते हुए बताया कि डिलीवरी बॉय के पास अधिक सामान था। इसी वजह से गलती से दूसरा पैकेट उनके घर पहुंच गया। हालांकि, प्रशांत का कहना है कि यह केवल गलत पैकेट की डिलीवरी का मामला नहीं है, बल्कि शाकाहारी भोजन के स्थान पर मांसाहारी भोजन पहुंचाने से जुड़ा गंभीर मामला है।

वाराणसी लौटकर देंगे लिखित शिकायत

ने सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा को भी फोन पर पूरे मामले की जानकारी दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक, फोन पर शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित के वाराणसी लौटकर लिखित तहरीर देने के बाद मुकदमा दर्ज करने के संबंध में कार्रवाई की जाएगी।

अधिवक्ता ने कहा कि वाराणसी लौटने के बाद वह पुलिस को लिखित शिकायत देंगे। साथ ही इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और कंपनी से उचित मुआवजे की मांग करेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *