वाराणसी स्नातक सीट पर सपा का परचम, आशुतोष सिन्हा ने 19,923 मतों से दर्ज की जीत

वाराणसी स्नातक सीट पर सपा का परचम, आशुतोष सिन्हा ने 19,923 मतों से दर्ज की जीत

55 घंटे से अधिक चली मतगणना के बाद घोषित हुआ परिणाम, केदारनाथ सिंह को मिले 35,114 वोट; जीत के बाद अखिलेश यादव और कार्यकर्ताओं का जताया आभार

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने शानदार जीत दर्ज की है। 55 घंटे से अधिक समय तक चली मतगणना के बाद उन्हें विजयी घोषित किया गया। आशुतोष सिन्हा को कुल 55,046 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 35,114 वोट मिले। इस तरह आशुतोष सिन्हा ने 19,923 मतों के अंतर से जीत हासिल की। जीत की घोषणा के बाद उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र भी सौंप दिया गया। इसके साथ ही वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना प्रक्रिया पूरी हो गई।

मतगणना के दौरान शुरुआती चरणों से ही समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए थे। नौवें चक्र की गिनती पूरी होने के बाद भी आशुतोष सिन्हा की बढ़त बरकरार रही। परिणाम घोषित होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

55 घंटे तक चली मतगणना, केंद्र पर हुआ हंगामा

वाराणसी स्नातक सीट की मतगणना 55 घंटे से अधिक समय तक चली। मतगणना केंद्र पर बुधवार देर शाम शुरू हुआ हंगामा रातभर जारी रहा। भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह ने धरना भी दिया। हालांकि, गुरुवार सुबह उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के बीच मतों की गिनती कराई गई। जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।

वाराणसी स्नातक सीट पर सपा का परचम, आशुतोष सिन्हा ने 19,923 मतों से दर्ज की जीत

अखिलेश यादव और कार्यकर्ताओं को दिया जीत का श्रेय

जीत के बाद नवनिर्वाचित एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर दिया। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास से यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की। पिछले छह वर्षों से कई साथी मतदाता फॉर्म भरवाने से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रक्रिया में जुटे रहे। कार्यकर्ताओं ने यह सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष किया कि चुनाव में किसी तरह की बेईमानी या गड़बड़ी न हो। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने वाले अधिकारियों का भी आभार जताया और कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष चुनाव कराने का प्रयास किया गया।

शिक्षक और स्नातक मतदाताओं का बताया बड़ा संदेश

आशुतोष सिन्हा ने अपनी जीत को उत्तर प्रदेश के शिक्षक और स्नातक मतदाताओं का महत्वपूर्ण संदेश बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पढ़े-लिखे लोग आज समाजवादी पार्टी के साथ खड़े हैं। यह जीत पार्टी के कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष और सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने तीन-तीन दिनों तक सुबह से देर रात तक सड़कों पर रहकर पहरा दिया, ताकि चुनाव और मतगणना में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

बोले- अभी तो झांकी है, यूपी में सरकार बनना बाकी

काशी और प्रयागराज में मिली जीत के बाद प्रदेश की राजनीति को लेकर पूछे गए सवाल पर आशुतोष सिन्हा ने कहा, ”अभी तो यह झांकी है, उत्तर प्रदेश में सरकार बनना बाकी है।” उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अब प्रदेश में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

बैलेट पेपर से चुनाव कराने की उठाई मांग

आशुतोष सिन्हा ने एक बार फिर ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रुख का समर्थन करते हुए कहा कि लोकसभा की सभी 80 सीटें जीतने की स्थिति में भी बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग जारी रहनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि वाराणसी स्नातक सीट पर मिली जीत पार्टी नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के सामूहिक संघर्ष का परिणाम है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *