वाराणसी (रणभेरी): थाना जैतपुरा क्षेत्र में बुधवार को वरुणा नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहकर ढेलवरिया बड़ी मंदिर के पीछे वरुणा नदी के किनारे आकर रुका हुआ है।
सूचना मिलते ही थाना जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान नदी के किनारे करीब 32 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की सहायता से शव को नदी के पानी से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। फिलहाल अज्ञात शव को पहचान के लिए शवगृह शिवपुर, वाराणसी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
