वाराणसी (रणभेरी): सिगरा थाना क्षेत्र के लहरतारा इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक मालवाहक वाहन से करीब 55 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, लोकल इंटेलिजेंस यूनिट और सर्विलांस टीम को सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए अवैध मादक पदार्थ की खेप वाराणसी लाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने लहरतारा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
वाहन की सामान्य जांच में वह खाली नजर आया, लेकिन पुलिस को कुछ संदेह हुआ। इसके बाद जब गहनता से वाहन की तलाशी ली गई तो हाइड्रोलिक सिस्टम के नीचे एक विशेष तरीके से तैयार किया गया गुप्त स्थान मिला। वाहन में अतिरिक्त लोहे की शीट लगाकर एक ऐसा चेंबर बनाया गया था, जिसमें सामान छिपाकर आसानी से ले जाया जा सके।
पुलिस ने चेंबर को खोलकर उसमें रखे गांजे के पैकेट बरामद किए। बरामदगी के बाद वाहन को कब्जे में ले लिया गया और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
ओडिशा से लाई गई थी गांजे की खेप
एसीपी चेतगंज शुभम के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की यह खेप ओडिशा से लाई गई थी। इसे पूर्वांचल के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करने की योजना थी। शुरुआती जांच में चंदौली क्षेत्र में इसकी आपूर्ति किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इससे पहले कितनी बार इसी तरीके से मादक पदार्थों की सप्लाई की गई है।
तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से मिले सुरागों के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
