मेडिकल के लिए ले जाते समय पुलिस की पिस्टल छीनकर हुआ था फरार, जवाबी फायरिंग में घायल होने के बाद रात दो बजे गिरफ्तार
वाराणसी (रणभेरी): बीएचयू परिसर में काशी विद्यापीठ की छात्रा के साथ छेड़खानी के आरोपी ऑटो चालक की मंगलवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय आरोपी पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फरार हो गया था। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मैनुद्दीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का निवासी है। वर्तमान में मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के नारायणपुर में रह रहा था।

लॉ फैकल्टी के पास छात्रा से की थी छेड़खानी
जानकारी के मुताबिक, काशी विद्यापीठ की छात्रा ने सोमवार शाम पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शाम करीब 7:30 बजे बीएचयू की लॉ फैकल्टी के पास से गुजर रही थी। उस समय परिसर में सन्नाटा था। इसी दौरान एक ऑटो चालक वहां पहुंचा और रफ्तार धीमी कर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भागने लगा। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बीएचयू परिसर से ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, छात्रा की शिकायत पर ऑटो चालक मैनुद्दीन को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने उसके खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए फैंटम दस्ते के साथ भेजा गया था।
पिस्टल छीनकर भागा, पुलिस पर की फायरिंग
एसीपी के अनुसार, मेडिकल के लिए ले जाते समय रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली। इसके बाद वह वाहन से उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। पुलिस ने उसे रात करीब दो बजे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
