- छोटे से लेकर भारी-भरकम नस्ल के बकरों की बढ़ी मांग, मोलभाव में जुटे खरीदार
- त्योहार नजदीक आते ही बढ़ी रौनक, सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रशासन की पैनी नजर
वाराणसी (रणभेरी): बकरीद (ईद-उल-अजहा) के नजदीक आते ही शहर की रौनक अब बेनियाबाग की बकरा मंडी में साफ दिखाई देने लगी है। कुर्बानी के पर्व की तैयारियों के बीच मंडी में खरीदारों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। सुबह से देर शाम तक यहां लोगों की आवाजाही बनी हुई है। दूर-दराज इलाकों से व्यापारी अपने बकरे लेकर पहुंच रहे हैं, जबकि खरीदार अपनी पसंद, जरूरत और बजट के अनुसार बकरे चुनने में जुटे हैं।
बेनियाबाग की यह मंडी इन दिनों शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्रों में शामिल हो गई है। मंडी में अलग-अलग नस्लों और आकार के बकरे लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। छोटे बकरों से लेकर बड़े और भारी-भरकम बकरे तक बिक्री के लिए सजाए गए हैं। कुछ बकरों की ऊंची कीमतें भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। खरीदार बकरों की सेहत, वजन, बनावट और उनकी सक्रियता को देखकर खरीदारी कर रहे हैं।

वहीं कई लोग कीमत को लेकर व्यापारियों से मोलभाव करते भी नजर आ रहे हैं। मंडी का माहौल पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगा नजर आ रहा है। चारों ओर चहल-पहल, आवाजाही और खरीदारी की हलचल दिखाई दे रही है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उत्साह देखा जा रहा है। लोग अपने परिवार के साथ मंडी पहुंचकर पसंदीदा बकरों की तलाश कर रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि अभी खरीदारी की शुरुआत है और जैसे-जैसे बकरीद नजदीक आएगी, वैसे-वैसे ग्राहकों की संख्या में और इजाफा होगा। उनका मानना है कि अंतिम दिनों में मंडी में काफी भीड़ बढ़ने की संभावना है। कई व्यापारी दूसरे जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से विशेष नस्लों के बकरे लेकर पहुंचे हैं, जिनकी मांग भी अच्छी देखी जा रही है।

उधर, बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। मंडी क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर निगरानी रखी जा रही है ताकि खरीदारी के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बकरीद के त्योहार को लेकर मुस्लिम समुदाय में उत्साह का माहौल है और बेनियाबाग की बकरा मंडी इस समय खरीदारी के साथ-साथ सामाजिक मेलजोल का भी बड़ा केंद्र बनती जा रही है।
