13 फरवरी को होगी बाबा विश्वनाथ की हल्दी की रस्म
काशी की लोक परम्परा के अनुसार बाबा को लगायी जायेगी सगुन की हल्दी
रंगभरी एकादशी तक चलेगा मांगलिक अनुष्ठान
वाराणसी (रणभेरी): देवाधिदेव महादेव की नगरी काशी में महाशिवरात्रि पर शिव विवाह से पूर्व बाब विश्वनाथ को सगुन की हल्दी की तैयारियां शुरू हो गई है। सदियों पुरानी लोक परम्परा के अनुसार इस 13 फरवरी को सायंकाल टेढ़ीनीम स्थित काशी विश्वनाथ मंंदिर के महंत आवास पर बाबा विश्वनाथ की पंचबदन की चल प्रतिमा का विधि विधान पूर्वक सगुन की हल्दी लगायी जायेगी। यह आयोजन काशीवासियों की ओर से से लोकाचार के रुप में सम्पन्न होता है।
जिसमें सम्पूर्ण काशी बाबा के सगुन में सहभागी बनती है। सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के उप महंत अवशेष पांडेय कल्लू महराज ने बताया कि काशी की लोक परम्परा के अनुसार हर वर्ष काशीवासियों की ओर से बाबा के सगुन का दायित्व निभाया जाता है। इस बार महाशिवरात्रि (15 फरवरी) रविवार) के पूर्व 13 फरवरी शुक्रवार को काशीपुराधिश्वर बाबा विवनाथ को अर्पित करने के लिए सगुन की हल्दी को सिद्धपीठ बड़ी शीतला माता मंदिर के महंत परिवार की ओर से विशेष रुप से नासिक के त्रयबंकेश्वर से मंगाया गया है।
काशी शिव बारात समिति के महामंत्री दिलीप सिंह ने बताया कि लोक मान्यता के अनुसार वसंत पंचमी से बाबा के सगुन से जुड़े उत्सवों की शृंखला प्रारंभ होती है। जिसमें काशीवासी बाबा के राजसी स्वरूप में श्रद्धा अर्पित करते हैं। टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास पर सम्पन्न होने वाले आयोजन की विशिषट परम्परा है। जिसमें बाबा विश्वनाथ की पंचबदन चल प्रतिमा को विशेष रुप से सुसज्जित कर वैदिक विधि विधान पूर्वक अर्चन-पूजन करके लोक परम्परा निभायी जाती है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि काशी की सांस्कृतिक विरासत और लोक आस्था का जीवंत उदाहरण है।
महाशिवरात्रि पर शि बारात निकलने के पूर्व शिव बारात समिति की महिलाएं शुक्रवार को बाबा को सगुन की हल्दी अर्पित करेंगी। विश्वनाथ मंदिर के महंत अंक शात्री वाचस्पति तिवारी ने बताया कि टेढ़ीनीम महंत आवास में सगुन से जुड़ी परम्परा सैकड़ों वर्ष प्राचीन है। 13 फरवरी शुक्रवार को बाबा की चल प्रतिमा पर हल्दी चढ़ाने से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बांसफाटक धर्म निवास स्थित श्रीयंत्रपीठम से नासिक के त्रयंबकेश्वर से आयी हल्दी टेढ़ीनीम स्थित महंत आवास तक लायी जायेगी।
बड़ी शीतला मंदिर के महंत शिव प्रसाद पांडेय लिंगिया महराज के नेतृत्व में वैदि मंत्रोच्चार पारम्परिक वाद्य यंत्रों व भक्तिमय वातावरण के बीच शिव बारात समिति की ओर से बाबा की हल्दी व भोग प्रसाद टेढ़ीनीम महंत आवास पहुंचेगी। शिवांजलि के संयोजक संजीव रत्न मिश्र ने बताया कि महंत परिवार की वरिष्ठ सदस्य मोहिनी देवी के सानिध्य में अंक शास्त्री महंत वाचस्पति तिवारी 11 ब्राह्मणों के साथ बाबा विश्वनाथ की पंचबदन की प्रतिमा का विशेष पूजन करेंगे।
