बाबतपुर एयरपोर्ट पर ठेका कर्मियों से वसूली का आरोप

बाबतपुर एयरपोर्ट पर ठेका कर्मियों से वसूली का आरोप

सांसद प्रिया सरोज को सौंपे गए ऑडियो और शिकायत पत्र, संसद में मुद्दा उठाने की तैयारी

वाराणसी (रणभेरी): लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर आउटसोर्सिंग और ठेका प्रथा के नाम पर कथित शोषण और भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पर कार्यरत ठेका कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि नई कंपनी के टेंडर के बाद नौकरी बचाने के एवज में प्रति कर्मचारी 35 हजार की मांग की जा रही है। मामला सामने आने के बाद एयरपोर्ट परिसर और कर्मचारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। पीड़ित कर्मचारियों ने इस संबंध में प्रिया सरोज से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा और न्याय की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि इस बार उन्होंने केवल आरोप नहीं लगाए, बल्कि कथित तौर पर ठेकेदारों की बातचीत की कई ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं। इन रिकॉर्डिंग में पैसों के लेन-देन और रकम न देने पर नौकरी से निकालने की धमकियों का उल्लेख होने का दावा किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, पहले कर्मचारी ‘जेसीसी इलेक्ट्रिकल कंपनी’ के माध्यम से एयरपोर्ट पर कार्यरत थे, लेकिन उसका टेंडर समाप्त होने के बाद नया ठेका एसएन इलेक्ट्रिकल कंपनी को मिला। आरोप है कि नई व्यवस्था लागू होने के साथ पुराने कर्मचारियों को बनाए रखने के नाम पर अवैध वसूली शुरू कर दी गई। जो कर्मचारी रकम देने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें नौकरी से हटाने की चेतावनी दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद प्रिया सरोज ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया है कि वह इस मुद्दे को आगामी संसद सत्र में उठाएंगी और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगी। वहीं एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने मामले की जानकारी न होने की बात कही है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच आगे बढ़ती है या आरोपों का यह मामला केवल शिकायतों तक सीमित रह जाता है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *