(रणभेरी): चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर अब प्रशासनिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने थाना फूलपुर क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और जल्द न्याय दिलाने की मांग उठाई। मुलाकात के दौरान परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसने की अपील की।
परिवार के सदस्यों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाएगा। परिजनों ने यह भी कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भरोसा है और न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि हत्या कांड की जांच गंभीरता से की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम आरोपियों की संपत्तियों, आर्थिक गतिविधियों और अवैध निर्माण से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है। राजस्व विभाग द्वारा कई दस्तावेजों का परीक्षण किया जा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर नोटिस भी चस्पा किए जाने की जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट पूरी होते ही अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन की इस सख्ती से आरोपियों और उनके करीबियों में हलचल मची हुई है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस आयुक्त ने थाना फूलपुर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान इस हत्याकांड को अत्यंत संवेदनशील और गंभीर मामला बताया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सूत्रों की मानें तो पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलने तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। पुलिस विभाग अब इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में मजबूत पैरवी के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटा हुआ है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

इधर, हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चाओं का दौर जारी है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। लोग आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच लगातार जारी है और प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
