किराने के सामान की कीमत पर विवाद, 75 वर्षीय दुकानदार पर फायरिंग: गोली बांह चीरते हुए निकली, आरोपी फरार

किराने के सामान की कीमत पर विवाद, 75 वर्षीय दुकानदार पर फायरिंग: गोली बांह चीरते हुए निकली, आरोपी फरार

वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर थाना क्षेत्र के लूठा खुर्द गांव में गुरुवार सुबह किराने के सामान की कीमत को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि एक युवक ने बहस के दौरान परचून दुकानदार पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली दुकानदार की बांह को भेदते हुए निकल गई। घायल दुकानदार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, लूठा खुर्द निवासी 75 वर्षीय लल्लू गुप्ता गांव में कई वर्षों से किराने की दुकान संचालित करते हैं। गुरुवार सुबह गांव का ही एक युवक उनकी दुकान पर घरेलू सामान खरीदने पहुंचा था। सामान का मूल्य सुनने के बाद युवक ने कीमत अधिक होने की बात कहते हुए आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपना आपा खो दिया। आरोप है कि उसने अपने पास मौजूद अवैध तमंचा निकाल लिया और दुकानदार पर गोली चला दी। गोली लल्लू गुप्ता की बाईं बांह में लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही दुकानदार जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी हथियार लहराते हुए लोगों को धमकाता रहा और फिर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

किराने के सामान की कीमत पर विवाद, 75 वर्षीय दुकानदार पर फायरिंग: गोली बांह चीरते हुए निकली, आरोपी फरार

स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल दुकानदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायल के कंधे और बांह के हिस्से में गोली लगी है, हालांकि उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।

सीएचसी नरपतपुर के प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि घायल व्यक्ति को गोली लगने के बाद अस्पताल लाया गया था। आवश्यक उपचार दिया जा रहा है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं, एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद के दौरान गोली चलने की बात सामने आई है। घायल की हालत खतरे से बाहर है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *