बरेका में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल

बरेका में बनेगा 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल

परियोजना के लिए तोड़े जाएंगे 120 रेलवे आवास, कर्मचारियों का होगा पुनर्वास

वाराणसी (रणभेरी)। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में जल्द ही 500 बेड का अत्याधुनिक सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। यह अस्पताल पब्लिक–प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

परियोजना के लिए बरेका के ईस्ट टाउनशिप क्षेत्र में स्थित करीब सात एकड़ रेलवे भूमि को चिह्नित किया गया है। इस जमीन पर फिलहाल कर्मचारियों के आवास बने हुए हैं, जिन्हें हटाया जाएगा। अस्पताल निर्माण की जद में कुल 120 रेलवे क्वार्टर आ रहे हैं। इनमें 24 टाइप-2 और 96 टाइप-1 आवास शामिल हैं। इन आवासों को चरणबद्ध तरीके से तोड़ा जाएगा। इस भूमि को रेल भूमि विकास प्राधिकरण को सौंपने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है।

सूत्रों के अनुसार बरेका महाप्रबंधक ने प्रस्ताव को स्वीकृति देकर आगे की प्रक्रिया के लिए रेलवे बोर्ड को संदर्भित कर दिया है। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रभावित कर्मचारियों को नियमानुसार बरेका परिसर में उपलब्ध अन्य खाली आवासों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए रिक्त क्वार्टरों की सूची तैयार कर ली गई है और संबंधित कर्मचारियों को सूचना दी जा रही है। अस्पताल बनने से पूर्वांचल को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *