वाराणसी (रणभेरी): रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक तस्कर घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक कंटेनर बरामद किया, जिसमें 30 गोवंश पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रामनगर क्षेत्र के बंदरगाह के पास विश्व सुंदरी पुल के नीचे कुछ पशु तस्करों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध लोगों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर के पैर में गोली लग गई।

घायल आरोपी की पहचान मुहम्मद एजाज पुत्र हाकिम मियां, निवासी ग्राम हरनाही लक्ष्मीनिया, थाना बड्डूराज, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान फरार हुए अन्य पशु तस्करों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर पशु तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद गोवंश को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाने की योजना थी।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
