महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में सपाइयों का विरोध

महंगाई और नीट पेपर लीक के विरोध में सपाइयों का विरोध

अंबेडकर प्रतिमा पर प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे

वाराणसी (रणभेरी)। समाजवादी पार्टी प्रमुख के आह्वान पर सोमवार को गैस सिलेंडर, डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों तथा नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव सत्यप्रकाश सोनकर, प्रदेश सचिव राजू यादव एवं पूर्व पार्षद वरुण सिंह ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर हल्ला बोल, नीट पेपर लीक के आरोपियों को फांसी दो तथा डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाना बंद करो जैसे नारे लगाए। वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर सरकार को घेरा।

सत्यप्रकाश सोनकर और राजू यादव ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम है। वहीं पूर्व पार्षद वरुण सिंह और संजय यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल राजनीतिक विरोधियों के दमन में लगी हुई है। धरने में रमाकांत जायसवाल, योगेंद्र आर्या, रवि यदुवंशी, बाबूलाल यादव, विकास यादव ‘बच्चा’ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *